भोपाल जिले के शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 35 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले पात्र कर्मचारियों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान देने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। इससे लंबे समय से इंतजार कर रहे शिक्षकों और अधिकारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। जारी आदेश के अनुसार, 1 जुलाई 2023 तक निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने वाले उच्च श्रेणी शिक्षक, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, व्याख्याता, प्राचार्य तथा सहायक संचालक स्तर तक के कर्मचारियों को चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ दिया जाएगा।
लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने इसे संगठन के निरंतर प्रयासों और संघर्ष का परिणाम बताया है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि तृतीय और चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान की मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है। इससे बड़ी संख्या में शिक्षकों और अधिकारियों को लाभ मिलेगा।
बाकी पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा
जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र अहिरवार ने बताया कि फिलहाल पहली सूची जारी की गई है। जिन पात्र कर्मचारियों के नाम किसी कारणवश इस सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, उनके प्रकरणों की समीक्षा की जा रही है और जल्द ही उनके लिए भी आदेश जारी किए जाएंगे।
शिक्षक संघ ने जताया आभार
आदेश जारी होने के बाद मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रवीर सिंह राठौर, जिला अध्यक्ष नागेश पांडे, प्रांतीय सचिव संध्या नायक, जिला उपाध्यक्ष आर.के. सिंह यादव, सुनील दुबे, प्रवीण जैन, नारायण सिंह और संजीव भटनागर सहित कई पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी का आभार व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि यह फैसला शिक्षकों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम है।