भोपाल: राजधानी भोपाल में फिटनेस और खेल प्रेमियों के लिए पहली बार एक अनूठा रात्रिकालीन आयोजन होने जा रहा है। रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की ओर से 6 जून को “वेलोसिटी नाइट रन 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम टीटी नगर स्टेडियम में शाम 6:30 बजे शुरू होकर रात 12 बजे तक चलेगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में धावक, युवा और फिटनेस प्रेमी हिस्सा लेंगे।
रात की रोशनी में दौड़ेंगे प्रतिभागी, मिलेगा अलग अनुभव
टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित होने वाला यह नाइट रन राजधानी के खेल आयोजनों में एक नई पहल माना जा रहा है। स्टेडियम की रोशनी और विशेष ट्रैक व्यवस्था के बीच प्रतिभागियों को दौड़ का रोमांचक और यादगार अनुभव मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि फिटनेस, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का अभियान भी है। रात के माहौल में आयोजित होने के कारण इसे लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
1 घंटे से 3 घंटे तक की अलग-अलग श्रेणियां
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की सुविधा के लिए 1 घंटे, 2 घंटे और 3 घंटे की अलग-अलग रनिंग कैटेगरी बनाई गई हैं। इससे विभिन्न आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोग अपनी क्षमता के अनुसार इसमें भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए रन शुरू होने से 30 मिनट पहले रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रतिभागी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ट्रैक पर विशेष व्यवस्था, सुरक्षा पर भी फोकस
रन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रैक पर अलग-अलग रंगों की लेन निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में विशेष फिटनेस और रनिंग जोन भी विकसित किए गए हैं ताकि प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। आयोजन के दौरान सुरक्षा, मेडिकल सहायता और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
युवाओं को फिटनेस के लिए प्रेरित करेगा आयोजन
रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की प्रो चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि वेलोसिटी नाइट रन युवाओं को फिट और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।
खेल और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की पहल
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि संस्थान हमेशा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेल और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित करता रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं में टीम भावना, ऊर्जा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।