उज्जैन की प्रतिभाशाली बेटी सुश्री दीक्षा ने अपनी असाधारण कला से पूरे देश को गौरवान्वित कर दिया है। उन्होंने मात्र 22 मिनट में 8 मिमी आकार की चने की दाल के 12 दानों पर 12 ज्योतिर्लिंगों की सूक्ष्म (माइक्रो) पेंटिंग बनाकर वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। दीक्षा की इस अद्भुत कला को लेकर सोशल मीडिया और कला जगत में भी सराहना की जा रही है। उनकी यह उपलब्धि न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि धैर्य और रचनात्मकता का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन मानी जा रही है।
सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीक्षा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीक्षा ने अपनी प्रतिभा से उज्जैन ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल होकर दीक्षा ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जो युवा कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी यह सफलता यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से किसी भी क्षेत्र में विश्व स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।