भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल स्थित अपेक्स बैंक मुख्यालय परिसर में अशोक का पौधा लगाकर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत प्रदेशव्यापी हरित सहकार अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों और प्राथमिक सहकारी समितियों (पेक्स) में पौधारोपण किया जाएगा।
21 जून तक लगाए जाएंगे एक लाख पौधे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) तक सहकारी समितियों के माध्यम से प्रदेशभर में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के 13वें वर्ष की शुरुआत के अवसर पर 'एक पेड़ मां के नाम 2.0' अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
दूध उत्पादन बढ़ाने पर सरकार का विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से 'मिल्क कैपिटल' बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है और राज्य सरकार का लक्ष्य इसमें 20 प्रतिशत की वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि सांची के माध्यम से डेयरी क्षेत्र को मजबूती दी जा रही है।
कोलारस में लगेगी शुगर फैक्ट्री
सीएम मोहन यादव ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यानिकी फसलों और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शिवपुरी जिले के कोलारस में शुगर फैक्ट्री स्थापित की जाएगी।
गेहूं खरीद में मध्यप्रदेश ने बनाया नया रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में गेहूं उत्पादन और उपार्जन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। पिछली बार 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जबकि इस वर्ष 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं किसानों से खरीदा गया है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के साथ प्रति क्विंटल 40 रुपये बोनस देकर 2625 रुपये का भुगतान किया गया है।
किसानों को एमएसपी से ज्यादा कीमत दिलाने का प्रयास
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास किसानों को उनकी उपज का मूल्य एमएसपी से भी अधिक दिलाने का है। सोयाबीन उत्पादकों को भावांतर योजना का लाभ दिया गया है और सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
सहकारी समितियों में गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्राथमिक सहकारी समिति में कोई अधिकारी या कर्मचारी अनियमितता करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इसका असर किसानों और समिति के सदस्यों पर नहीं पड़ने दिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन सहकारी संस्थाओं की गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी।
2029 में फिर एनडीए सरकार बनने का जताया भरोसा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2029 में भी देश में एनडीए सरकार बनेगी। कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह, प्रमुख सचिव डीपी आहूजा, नाबार्ड के अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।