भोपाल। बैंक फ्रॉड मामले में सजा मिलने के बाद विधायकी गंवा चुके दतिया के पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को मंगलवार को बड़ा झटका लगा। दिल्ली हाईकोर्ट में उनकी अपील पर होने वाली सुनवाई एक बार फिर टल गई। अब मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी। लगातार तीसरी बार सुनवाई टलने से राजेंद्र भारती की राजनीतिक वापसी की उम्मीदें कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं।
तीसरी बार टली सुनवाई, बढ़ी मुश्किलें
राजेंद्र भारती ने दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। मामले में जल्द सुनवाई के लिए आवेदन भी लगाया गया था। मंगलवार को जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत में सुनवाई तय थी, लेकिन प्राथमिकता वाले मामलों में समय लगने के कारण यह मामला आगे बढ़ा दिया गया। इससे भारती समर्थकों में निराशा का माहौल है।
बैंक फ्रॉड मामले में हुई थी तीन साल की सजा
गौरतलब है कि 2 अप्रैल को दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने बैंक फ्रॉड मामले में राजेंद्र भारती को तीन साल की सजा सुनाई थी। सजा के बाद नियमों के तहत उनकी विधानसभा सदस्यता स्वतः समाप्त हो गई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने दतिया सीट रिक्त घोषित कर इसकी सूचना चुनाव आयोग को भेज दी थी।
दतिया उपचुनाव की तैयारी लगभग पूरी
सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग के निर्देश पर दतिया विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। दतिया कलेक्टर ने 25 मई को आयोग को रिपोर्ट भेजकर सभी व्यवस्थाएं पूरी होने की जानकारी दी है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि चुनाव आयोग जल्द ही उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
कानूनी राहत की संभावना कम
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि बैंक फ्रॉड और आर्थिक अपराध जैसे मामलों में अदालत से त्वरित राहत मिलना आसान नहीं होता। ऐसे में राजेंद्र भारती की राजनीतिक वापसी की राह लगातार मुश्किल होती जा रही है।