इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को एक आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। सांवेर रोड इलाके में कुत्ते ने डॉक्टरों, नर्सों, मेडिकल स्टूडेंट्स, मरीजों, सिक्योरिटी गार्डों और राहगीरों समेत 40 से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सबसे ज्यादा प्रभावित अरविंदो अस्पताल परिसर रहा, जहां 16 से अधिक लोग कुत्ते के हमले का शिकार बने। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और देर रात तक कुत्ता पकड़ में नहीं आ सका।
अरविंदो अस्पताल से शुरू हुआ हमला, डॉक्टर और स्टाफ भी बने शिकार
घटना की शुरुआत शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अरविंदो अस्पताल परिसर से हुई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कुत्ता पिछले हिस्से से अस्पताल में घुसा और अचानक डॉक्टरों, नर्सों तथा अन्य कर्मचारियों पर हमला करना शुरू कर दिया। अस्पताल के मैनेजर डॉ. नीरज सेन ने बताया कि कुत्ते ने कई स्टाफ सदस्यों को काट लिया, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। हमले में मेडिकल स्टूडेंट्स और अस्पताल में मौजूद मरीज भी घायल हुए।
सांवेर रोड से गांवों तक मचाया आतंक
अस्पताल से निकलने के बाद कुत्ता सांवेर रोड, एलएनसीटी कॉलेज, बरदरी गांव, रेवती रेंज और रेनेसां कॉलेज क्षेत्र तक पहुंच गया। रास्ते में जो भी उसके सामने आया, वह हमला करता गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ता बेहद आक्रामक था और लगातार एक इलाके से दूसरे इलाके में घूमकर लोगों को काट रहा था। इससे पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया।
16 से अधिक लोगों का अस्पताल में इलाज
कुत्ते के हमले में घायल हुए लोगों में डॉ. स्मृति, डॉ. अक्षिता, सचिन राजपूत, अंजनी शर्मा, सीमा, शोभा, परिणीता, कुसुम, प्रणव गुप्ता, गोविंदा, विष्णु, अफसर, राजीव धाकड़ और आर्यन सहित कई अन्य लोग शामिल हैं। शाम तक 16 से अधिक लोगों का उपचार अरविंदो अस्पताल में किया गया, जबकि अन्य घायलों ने आसपास के अस्पतालों में इलाज कराया। सभी को एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक उपचार दिया गया।
कुत्ते को पकड़ने के लिए ग्रामीण खुद उतरे मैदान में
लगातार हमलों के बावजूद डॉग स्क्वॉड समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। इसके बाद बरदरी और आसपास के इलाकों में ग्रामीण खुद लाठियां लेकर सड़कों पर उतर आए और कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि कुत्ता लगातार जगह बदलता रहा और किसी के हाथ नहीं आया। देर रात तक उसकी तलाश जारी रही।
निगम को देर से मिली जानकारी, रोज आ रहे 200 डॉग बाइट केस
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि उन्हें इतनी बड़ी घटना की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए टीम भेजने की बात कही। उधर, शासकीय हुकुमचंद पॉलीक्लिनिक के प्रभारी डॉ. रुपेंद्र पटेल के अनुसार इंदौर में डॉग बाइट की समस्या लगातार बढ़ रही है और प्रतिदिन करीब 200 लोग कुत्तों के काटने का इलाज कराने पहुंचते हैं।