विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में देश के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक कैलाश खेर ने हाजिरी लगाई। उन्होंने तड़के होने वाली बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
नंदी हॉल में बैठकर किए भस्म आरती के दर्शन
कैलाश खेर सुबह करीब 3 बजे मंदिर पहुंचे और नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे पूरी तरह भगवान महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। करीब दो घंटे तक आरती में शामिल रहने के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
दर्शन के उपरांत महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा कैलाश खेर का दुपट्टा और बाबा महाकाल का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका आदरपूर्वक स्वागत-सत्कार किया गया।
मंदिर की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना
मीडिया से चर्चा करते हुए कैलाश खेर ने उज्जैन की धार्मिक महिमा का उल्लेख किया और मंदिर की प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत के विभिन्न हिस्सों से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराना आसान कार्य नहीं है।
'महाकाल के दरबार में ही दिखती है ऐसी ऊर्जा'
कैलाश खेर ने कहा कि इतने विशाल स्तर पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाएं और सकारात्मक ऊर्जा केवल राजाधिराज महाकाल के दरबार में ही अनुभव की जा सकती हैं। उन्होंने बाबा महाकाल के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त करते हुए देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।