भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से डिजिटल युग की ओर अग्रसर है और मध्यप्रदेश भी इस दिशा में पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत चलाए गए देशव्यापी 'सिटीजन फीडबैक' अभियान में मध्यप्रदेश का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है।
35.69 लाख से अधिक नागरिकों ने दर्ज कराई सहभागिता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की डिजिटल इंडिया मुहिम को सशक्त समर्थन देते हुए मध्यप्रदेश के 35.69 लाख से अधिक जागरूक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। यह संख्या देश में सबसे अधिक है, जो प्रदेशवासियों की डिजिटल जागरूकता और स्वच्छता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
स्वच्छता और डिजिटल इंडिया में बनाया नया कीर्तिमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया के इस दौर में मध्यप्रदेश के नागरिकों ने तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया है। प्रदेश के लोगों ने स्वच्छता अभियान और डिजिटल सहभागिता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
ऑनलाइन फीडबैक देकर बढ़ा सकते हैं सहभागिता
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक अभी भी केंद्रीय मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वच्छ सर्वेक्षण से संबंधित अपना ऑनलाइन फीडबैक दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन कर भी नागरिक अपनी प्रतिक्रिया साझा कर सकते हैं।
जनभागीदारी से मजबूत होगा स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से न केवल शहरों की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद भी मजबूत होगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश आगे भी स्वच्छता, डिजिटल नवाचार और जनसहभागिता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा।