शाजापुर। मध्य प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग और तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। शुजालपुर में आयोजित जनसभा के दौरान सीएम ने पटवारी को ‘टपोरी लाल’ और ‘दो कौड़ी का प्रदेशाध्यक्ष’ कह डाला। मुख्यमंत्री का यह बयान जीतू पटवारी द्वारा उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहे जाने के जवाब में आया। सीएम ने मंच से साफ शब्दों में कहा- “हम अभिनंदन लाल हैं तो तुम टपोरी लाल हो।”
शुजालपुर की जनसभा से करारा पलटवार
शाजापुर जिले के शुजालपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और उसके प्रदेश नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि पार्टी को चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे। सीएम ने इंदौर लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस के इतिहास में ऐसा प्रदेशाध्यक्ष कभी नहीं देखा गया, जिसके रहते इतनी बड़ी लोकसभा सीट पर उम्मीदवार ऐन वक्त पर मैदान छोड़कर चला गया हो।
‘दो कौड़ी का अध्यक्ष’ कहकर नेतृत्व पर सवाल
मुख्यमंत्री ने जीतू पटवारी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने ऐसे नेता को प्रदेश की कमान सौंपी है, जो खुद अपनी विधानसभा सीट तक नहीं बचा पाया। उन्होंने इसे कांग्रेस की अंदरूनी कमजोरी का बड़ा उदाहरण बताया
‘जो खुद 40 हजार वोट से हारा, वो चला है प्रदेश चलाने’
सीएम यादव ने पटवारी की चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि जो नेता 40 हजार वोटों के बड़े अंतर से चुनाव हार चुका हो, वह आज प्रदेश चलाने की बात कर रहा है। वो मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहा है ये अगले 20 साल में भी पूरे होने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस अपने कर्मों का फल भुगत रही: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज अपने ही कर्मों का फल भुगत रही है। पूरे प्रदेश में पार्टी का जनाधार सिमट चुका है। हालात ऐसे हैं कि कांग्रेस सिर्फ विकास कार्यों का विरोध करने तक सीमित रह गई है।
विवाद से इतर, शुजालपुर को विकास की सौगात
विवादित बयानों के बीच मुख्यमंत्री का शुजालपुर दौरा विकास के लिहाज से भी अहम रहा। प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद सीएम ने भीषण गर्मी में रोड शो किया। इस दौरान शुजालपुर क्षेत्र को करीब 388 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई।
क्या था जीतू पटवारी का बयान?
इस पूरे विवाद की शुरुआत सतना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम से हुई थी। युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहा था। शुजालपुर में मुख्यमंत्री ने इसी बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस और उसके प्रदेश नेतृत्व को आड़े हाथों लिया।