भोपाल | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मान समारोह में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। भोपाल में होने वाले कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से 10 पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर गो-पूजन और पशुपालक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
208 वृंदावन ग्रामों में हुई थी दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता
चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया है।
प्रथम पुरस्कार 1 लाख, दूसरे को 50 हजार रुपये
प्रतियोगिता के विजेताओं को इस प्रकार पुरस्कार दिए जाएंगे:
- प्रथम पुरस्कार: 1 लाख रुपये और प्रमाण-पत्र
- द्वितीय पुरस्कार: 50 हजार रुपये और प्रमाण-पत्र
- तृतीय पुरस्कार: 25 हजार रुपये और प्रमाण-पत्र
- सभी विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि एकमुश्त DBT के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
ये पांच पशुपालक रहे प्रतियोगिता में अव्वल
प्रतियोगिता में दूध उत्पादन के आधार पर पहले पांच स्थान हासिल करने वाले पशुपालक और उनकी गायों का विवरण इस प्रकार है:
- गौरव रघुवंशी, उज्जैन: ग्राम तालोद की गिर गाय ने 19.760 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ पहला स्थान हासिल किया।
- मुकेश कुमार परमार, रतलाम: ग्राम सुखेड़ा की गाय 17.230 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ दूसरे स्थान पर रही।
- संध्या पांडेय, उमरिया: ग्राम डोडका की गिर गाय ने 17.166 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
- ज्ञानेश्वर पटेल, रायसेन: ग्राम मांगरोल-दो की गिर गाय 16.350 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ चौथे स्थान पर रही।
- सुमेर सिंह पंवार, राजगढ़: ग्राम सलेहपुर की गाय ने 16.144 लीटर प्रतिदिन दूध उत्पादन के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
इस आयोजन के जरिए प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने वाले पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा।