हिंगलगंज : पश्चिम बंगाल: दीपावली और कालीपूजा के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सीमावर्ती इलाके हिंगलगंज पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनकी पहली दीपावली और कालीपूजा है। इस मौके पर वह सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करेंगे और हिंगलगंज थाने की कालीपूजा का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले हेलीकॉप्टर से हिंगलगंज महाविद्यालय के मैदान में उतरेंगे। यहां से वह सीधे सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित बीएसएफ की 74वीं बटालियन के कैंप पहुंचेंगे। कैंप में बीएसएफ अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ उनके साथ त्योहार की खुशियां भी साझा करेंगे।
सीमावर्ती इलाके में करेंगे पौधरोपण
बीएसएफ कैंप के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सीमावर्ती क्षेत्र में पौधरोपण भी करेंगे। इसके बाद वह हिंगलगंज थाने पहुंचेंगे, जहां कालीपूजा का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुलिसकर्मियों के साथ दीपावली और कालीपूजा की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करेंगे और उन्हें मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा करेंगे।
पुलिसकर्मियों के साथ भी करेंगे बैठक
हिंगलगंज थाने में पूजा उद्घाटन और शुभकामना आदान-प्रदान के बाद मुख्यमंत्री पुलिसकर्मियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से बातचीत भी करेंगे।
मुख्यमंत्री का यह दौरा सीमावर्ती क्षेत्र में दीपावली के अवसर पर बीएसएफ जवानों और पुलिसकर्मियों के साथ संवाद तथा त्योहार की खुशियां साझा करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।