नई दिल्ली | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत और विदेशों में रह रहे सभी भारतीयों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। राष्ट्रपति ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देने का आह्वान किया।
भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने से जुड़ा है दीपावली का महत्व
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली का आनंदमय उत्सव रावण पर विजय के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने से जुड़ा है। भगवान श्रीराम के आगमन पर अयोध्यावासियों ने दीपों की सुंदर पंक्तियों से उनका स्वागत किया था। यही दीपावली का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व रामराज्य के शुभारंभ का भी प्रतीक है।
सद्गुणों की नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय का प्रतीक है पर्व
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दीपावली सद्गुणों की नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विजय का संदेश देती है। यह दुखों के अंत और आनंदमय एवं समृद्ध जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। इस अवसर पर लोग शुभारंभ और कल्याण के लिए भगवान गणेश तथा समृद्धि के लिए माता महालक्ष्मी की पूजा करते हैं। साथ ही सभी के सुख और खुशहाली की कामना करते हैं।
युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में सभी नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने आशा जताई कि लोग पर्यावरण का संरक्षण करेंगे और आपसी सद्भाव के साथ रहेंगे। उन्होंने भारतीय मूल्यों से प्रेरित देश के युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देने का आह्वान भी किया।