नई दिल्ली | दिवाली से पहले सफाईकर्मियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। 25 दिवसीय सफाईकर्मियों को विनियमितीकरण की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इससे उनका वेतन बढ़कर करीब 18 से 20 हजार रुपये होने की उम्मीद है। वहीं, 29 दिवसीय और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थायी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
एक महीने में प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन
जानकारी के मुताबिक, सफाईकर्मियों को स्थायी करने की प्रक्रिया एक महीने में पूरी करने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल सफाईकर्मियों को करीब 10,500 रुपये वेतन मिल रहा है। कर्मचारी इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने की मांग कर रहे थे।
तीन दिन की हड़ताल से सड़कों पर जमा हुआ 2,550 टन कचरा
वेतन बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर सफाईकर्मियों ने तीन दिन तक हड़ताल की थी। इस दौरान सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और सड़कों पर करीब 2,550 टन कचरा जमा हो गया था। सफाईकर्मियों की चार प्रमुख मांगों में वेतन वृद्धि और नौकरी को स्थायी करने जैसे मुद्दे शामिल थे। अब विनियमितीकरण और नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू होने के आश्वासन से कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।