नई दिल्ली - भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर उनकी अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना करते हुए विशेष पूजा और हवन किया जाएगा। कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उनके जीवन और लंबे राजनीतिक सफर पर आधारित विशेष वीडियो भी दिखाया जाएगा।
बीजेपी मुख्यालय में होगा विशेष हवन
लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी मुख्यालय में विधि-विधान के साथ पूजा और हवन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना करना है। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता एकत्रित होकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे।
पीएम मोदी ने दी आडवाणी को जन्मदिन की बधाई
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, आज, 8 नवंबर, एक अहम दिन है। एल.के. आडवाणी 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। इस खास मौके पर, उन्हें मेरी शुभकामनाएं। मैंने एक आर्टिकल लिखा है, जिसमें मैंने भारत के लिए उनके हमेशा याद रहने वाले योगदान को हाइलाइट किया है।
पीएम ने आगे लिखा, "मैंने उनके सफर को याद किया है, चाहे वह बंटवारे के डर का सामना करना हो और नए सिरे से जिंदगी बनाना हो, जनसंघ को मजबूत करना और भाजपा बनाना हो, इमरजेंसी के दौरान डेमोक्रेसी के लिए खड़े होना हो, सोमनाथ से अयोध्या तक रथ यात्रा को लीड करना हो या सरकार में देश की सेवा करना हो। आडवाणी जी के दूसरे पहलुओं के बारे में भी लिखा है- बहुत अधिक पढ़ने वाले व्यक्ति, कल्चर और सिनेमा के लिए उनका प्यार, बहुत अधिक लिखने वाले व्यक्ति औरभी बहुत कुछ।"
प्रधानमंत्री मोदी ने आर्टिकल में लिखा, "आज 8 नवंबर को लालकृष्ण आडवाणी अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। यह कितना सुखद संयोग है कि आज ही दीपावली का पावन पर्व भी है। प्रभु श्रीराम और दीपों के इस उत्सव के साथ उनके जीवन का इतना महत्वपूर्ण पड़ाव जुड़ना, इस अवसर को और भी यादगार बनाता है। इस संयोग को एक और बात विशेष बनाती है। इसी वर्ष हम जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मना रहे हैं।"
पीएम ने आर्टिकल में लिखा, "आज का यह अवसर मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत भावुक कर देने वाला है। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे हमेशा उनका स्नेह, सान्निध्य और मार्गदर्शन मिलता रहा है। आज उनके साथ बिताए हुए अनगिनत पल, उनसे जुड़ी कितनी ही स्मृतियां मन में उमड़ रही हैं।"
योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने दी बधाई
आडवाणी के जन्मदिन पर देशभर के बीजेपी नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने भगवान श्रीराम से आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी उन्हें भारतीय राजनीति का वरिष्ठ और मार्गदर्शक व्यक्तित्व बताते हुए शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आडवाणी के 99 वर्ष पूरे होने और जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने पर उन्हें बधाई दी।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
नितिन नबीन और पीयूष गोयल भी होंगे शामिल
बीजेपी मुख्यालय में होने वाले विशेष कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी रहेगी। आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी भी इस आयोजन में शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेता उनके राजनीतिक अनुभवों और पार्टी के निर्माण में उनकी भूमिका को याद करेंगे।
हवन के बाद दिखाई जाएगी विशेष वीडियो प्रस्तुति
धार्मिक अनुष्ठान के बाद लालकृष्ण आडवाणी के जीवन और राजनीतिक सफर पर आधारित करीब 20 मिनट की विशेष वीडियो प्रस्तुति दिखाई जाएगी। इसमें उनके शुरुआती राजनीतिक जीवन, संगठनात्मक कार्यों, प्रमुख भाषणों और भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका को दर्शाया जाएगा।
भारतीय राजनीति में रहा है अहम योगदान
लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने बीजेपी को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में देश के उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। साल 2024 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
उनका जन्म 8 नवंबर 1927 को हुआ था। इस वर्ष वह 99 वर्ष पूरे कर जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। जन्मदिन पर आयोजित यह विशेष कार्यक्रम उनके लंबे राजनीतिक जीवन, संगठन के प्रति योगदान और सार्वजनिक सेवा की यात्रा को याद करने का अवसर है।