मध्य प्रदेश में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दे दी है और मौसम विभाग के मुताबिक यह 15 से 20 जून के बीच मध्य प्रदेश पहुंच सकता है। फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।
केरल पहुंचा मानसून, MP में बढ़ीं उम्मीदें
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल पहुंच चुका है और अगले दो से तीन दिनों में इसके गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ने की संभावना है। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री जून के तीसरे सप्ताह में होने के संकेत हैं।
भोपाल में शाम को बदला मौसम
राजधानी भोपाल में दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। प्रदेश के कई जिलों में भी बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। मौसम विज्ञानी एस.ए. साहू के अनुसार जबलपुर में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं भोपाल, सीहोर, विदिशा और हरदा में 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। गुना, कटनी और जबलपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि इंदौर, सागर, राजगढ़, रीवा और शहडोल संभाग में धूलभरी आंधी चली।
पूर्वी MP में अभी भी गर्मी का असर
बारिश के बावजूद प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद दो से तीन डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, दमोह और सागर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना है।
37 जिलों में येलो अलर्ट
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, छतरपुर और पांढुर्णा समेत करीब 37 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।