भोपाल। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज रहने वाली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रालय में दो महत्वपूर्ण विभागों की समीक्षा बैठक करेंगे, जबकि केंद्र सरकार ने प्रदेश के चार जिलों के विकास से जुड़ी बड़ी सड़क परियोजना को मंजूरी देकर बड़ी सौगात दी है। वहीं कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मालवा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे।
मेट्रो परियोजना और उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंत्रालय में दिनभर व्यस्त रहेंगे। सुबह 11 बजे वे भोपाल मेट्रो परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे। बैठक में मेट्रो निर्माण कार्य, ट्रायल रन, शेष रूट्स और आगामी चरणों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां, कॉलेजों में बुनियादी सुविधाएं, प्रवेश प्रक्रिया और नई शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
4,416.50 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना को मिली मंजूरी
मध्य प्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इस परियोजना से बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-347B (NH-347B) कॉरिडोर के तहत देशगांव से जुलवानिया सेक्शन को फोर-लेन बनाया जाएगा। परियोजना की कुल लागत 4,416.50 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
खरगोन को मिलेगा नया ग्रीनफील्ड बाईपास
इस परियोजना के तहत खरगोन शहर के लिए 16.20 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड बाईपास बनाया जाएगा। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बनेगी।
इकोनॉमिक कॉरिडोर से बढ़ेगा रोजगार
यह सड़क परियोजना इंदौर और नागपुर एयरपोर्ट, प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा फूड पार्क और टेक्सटाइल क्लस्टर जैसे छह बड़े आर्थिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगी। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति देगी और संबंधित जिलों के लिए विकास का नया अध्याय साबित होगी।
कांग्रेस का मालवा-निमाड़ मिशन जारी
दूसरी ओर कांग्रेस भी संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी आज मालवा अंचल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे।