भोपाल। मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में रविवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गृह विभाग ने 10 IPS अधिकारियों समेत कुल 137 पुलिस अफसरों के तबादले किए हैं। इनमें 127 राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी शामिल हैं। तबादला सूची में 2023 बैच के 4 और 2024 बैच के 6 IPS अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
आलोक कुमार वर्मा बने रीवा CSP
तबादला सूची के मुताबिक आलोक कुमार वर्मा को देवास से नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) रीवा बनाया गया है। वहीं मनीष भारद्वाज को साइबर पुलिस मुख्यालय से ACP कोतवाली, नगरीय इंदौर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मनोज कुमार को ACP एमपी नगर, नगरीय भोपाल बनाया गया है।
इन अधिकारियों की भी बदली जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत वैभव प्रिया को रतलाम से SDOP नेपानगर, शुभम सिंह ठाकुर को जबलपुर से SDOP गाडरवारा और अमित कुमार को खंडवा से SDOP सिंगरौली पदस्थ किया गया है। अधिकारियों को नई जगह पर तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
127 DSP स्तर के अधिकारियों का भी तबादला
इस बड़े फेरबदल में राज्य पुलिस सेवा के 127 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें DSP, SDOP, नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस आयुक्त और सहायक सेनानी स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
सूची में पुलिस मुख्यालय में पदस्थ कई अधिकारियों को मैदानी जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि अलग-अलग जिलों में तैनात अधिकारियों को भी नई जगह भेजा गया है। इसके अलावा प्रशिक्षु DSP और कार्यवाहक DSP भी तबादला सूची में शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय से मैदानी क्षेत्रों तक बदलाव
इस तबादला सूची के बाद प्रदेश के कई जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। IPS और DSP स्तर पर हुए इस फेरबदल से पुलिस प्रशासन के कामकाज में भी बदलाव देखने को मिलेगा। नई पदस्थापना वाले अधिकारियों को संबंधित जिलों और विभागों में अपनी जिम्मेदारी संभालनी होगी।
