नौतपा के बीच मध्यप्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेजी से सक्रिय हो गई हैं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में शनिवार देर रात तेज आंधी और बारिश देखने को मिली, जबकि रविवार को भी मौसम का असर जारी रहा। कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं श्योपुर जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। भोपाल में देर रात अचानक तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो रविवार सुबह तक जारी रही। हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे शहर के कई इलाकों कटारा हिल्स, गुलमोहर, अयोध्या नगर, अशोका गार्डन और बावड़िया कलां में घंटों बिजली गुल रही।
मौसम प्रणाली के सक्रिय होने से बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 48 घंटों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में बारिश दर्ज की गई है। टीकमगढ़ में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि दतिया और नौगांव में भी अच्छी बारिश हुई। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, गुना, धार, रतलाम, सागर, सतना, रीवा, देवास, झाबुआ, मंदसौर, बैतूल और बालाघाट सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
नौगांव में तापमान में बड़ी गिरावट
छतरपुर जिले के नौगांव में अधिकतम तापमान में लगभग 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिन पहले जहां तापमान 46.6 डिग्री था, वहीं अब यह घटकर 35.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। दतिया सहित कई जिलों में भी तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है। प्रदेश के 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल में ओलावृष्टि और तेज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित 47 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार, 3 जून तक प्रदेश में आंधी-बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। नौतपा के दौरान बारिश होने से लू का प्रभाव काफी हद तक समाप्त हो गया है और अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
प्रमुख शहरों का तापमान
नरसिंहपुर — 43.2°C
भोपाल — 40°C
उज्जैन — 39°C
इंदौर — 38.8°C
जबलपुर — 38.2°C
ग्वालियर — 35.6°C