भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव की सियासत अब और गरम हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने तीसरे उम्मीदवार के संभावित नामांकन पर बड़ा बयान दिया है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। यदि भाजपा तीसरी सीट पर भी उम्मीदवार उतारती है, तो इससे कांग्रेस के लिए रणनीतिक चुनौती बढ़ सकती है।
राज्यसभा चुनाव की तैयारियां तेज
मध्य प्रदेश से तीन राज्यसभा सीटें रिक्त होने वाली हैं। भाजपा ने वर्तमान में दो उम्मीदवारों-राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल-के नाम की घोषणा की है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान
इंदौर में मीडिया से चर्चा करते हुए संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश का सौभाग्य है कि उसे दिल्ली का बड़ा नेता मिला है. उन्होंने राज्यसभा के लिए घोषित उम्मीदवार तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को संगठन के लिए पर्दे के पीछे रहकर काम करने वाला नेता बताया।विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा के लिए दो बेहद मजबूत नाम दिए हैं और दोनों की जीत तय है। वहीं तीसरे उम्मीदवार की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि पार्टी तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारती है तो हम उसे भी जिताकर दिखाएंगे।इस बयान के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है. अब यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि भाजपा तीसरी सीट के लिए उम्मीदवार उतार सकती है. क्योंकि फिर तीसरे के लिए वोटिंग होगी और अगर कांग्रेस की तरफ से क्रॉस वोटिंग हुई, तो कांग्रेस के लिए पेंच फंस सकता है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का रुख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तीसरे उम्मीदवार के सवाल पर सीधे जवाब देने से परहेज किया। उनका कहना था कि फिलहाल पार्टी ने केवल दो सीटों के लिए नाम घोषित किए हैं।
कांग्रेस के लिए संभावित पेंच
राजनीतिक विशेषज्ञ मान रहे हैं कि अगर भाजपा तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारती है और कांग्रेस के कुछ विधायक क्रॉस वोटिंग करते हैं, तो इससे कांग्रेस के लिए चुनावी चुनौती और बढ़ सकती है।