भोपाल। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए एमपी के सरकारी स्कूलों में कार्यरत लगभग 4 लाख शिक्षकों और विद्यार्थियों को राहत मिलने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाने पर गंभीरता से मंथन किया जा रहा है।
शिक्षकों की छुट्टियां 15 दिन तक बढ़ने के संकेत
वर्तमान में शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन अवकाश 31 मई को समाप्त हो रहा है। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे 15 जून तक बढ़ाया जा सकता है। विभागीय स्तर पर इसकी तैयारी चल रही है और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
शिक्षक संघ ने रखी 30 जून तक अवकाश बढ़ाने की मांग
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। इसमें भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षकों और छात्रों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाने की मांग की गई है।
छात्रों की छुट्टियों में भी हो सकता है इजाफा
सूत्रों के अनुसार, सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की छुट्टियां भी बढ़ाई जा सकती हैं। फिलहाल छात्रों के लिए 15 जून तक अवकाश घोषित है, जिसे बढ़ाकर 22 जून तक किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
एमपी में गर्मी का प्रकोप, कई जिलों में रेड अलर्ट
प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं दतिया, रीवा, दमोह, राजगढ़ समेत कई जिलों में लू और गर्म रातों का ऑरेंज अलर्ट जारी है। फिलहाल छुट्टियों को लेकर अंतिम फैसला आना बाकी है, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है।