नौतपा के छठे दिन शनिवार को मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज रहीं, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
बीते 24 घंटे में कई जिलों में आंधी, बारिश और ओले
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान शिवपुरी, मुरैना, सागर और श्योपुर जिलों में ओलावृष्टि हुई। वहीं अशोकनगर में 70 किलोमीटर प्रति घंटा और ग्वालियर में 67 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो भिंड जिले के गोरमी क्षेत्र में सर्वाधिक 72 मिमी और शिवपुरी के नरवर में 44 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा चंबल, ग्वालियर और रीवा संभाग के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। शाम के समय बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भी ओले गिरने की सूचना मिली।
मालवा-निमाड़ में भी बदला मौसम
मालवा-निमाड़ क्षेत्र के इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, धार, खंडवा और शाजापुर सहित कई जिलों में देर रात से सुबह तक तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। शाजापुर जिले के मक्सी क्षेत्र में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ा है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पारे में गिरावट दर्ज की गई है।
कई शहरों में तापमान में आई बड़ी गिरावट
दतिया में अधिकतम तापमान में 8.3 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। खजुराहो का तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री कम होकर 36.4 डिग्री सेल्सियस और नौगांव का तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री कम होकर 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि नरसिंहपुर 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना रहा।
सीहोर और देवास में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है।
ऑरेंज अलर्ट (भारी बारिश): सीहोर और देवास जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट (ओलावृष्टि और आंधी): राजगढ़, आगर मालवा, शहडोल, उमरिया, कटनी और छतरपुर जिलों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
येलो अलर्ट: भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा सहित 35 से अधिक जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
अगले कुछ दिन राहत भरे रहने के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय रहने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत बनी रह सकती है। हालांकि लोगों को आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।