पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। ग्राम बिहारपुरवा में निर्माणाधीन कुआं अचानक धंस जाने से 5 मजदूरों की मौत हो गई। सभी मजदूर रेत खदान जैसे कुएं में काम कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वे मलबे में दब गए। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
2 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर जेसीबी की मदद से मलबा हटाने की कोशिश की, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने भी राहत कार्य संभाला। करीब 2 घंटे तक चले अभियान में अब तक सभी 5 मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
मृतकों की पहचान हुई
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, रामपाल यादव, राजुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार से जुड़े हुए थे और लंबे समय से कुआं खोदने का काम कर रहे थे।
अचानक धंसी मिट्टी से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, काम के दौरान कुएं की मिट्टी अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। कुछ ही पलों में सभी लोग मलबे में दब गए।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का यह आरोप है कि घटना के बाद समय पर मदद नहीं पहुंची और राहत कार्य में देरी हुई। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।