रायसेन जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायसेन-भोपाल मार्ग पर स्थित सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए।
सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रायसेन जिले के उमरावगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहतगंज टोल नाके के पास हुई। तेज रफ्तार से आ रही दो बसें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री बसों के अंदर ही फंस गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे में घायल हुए करीब 15 यात्रियों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख
घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कहा कि रायसेन के उमरावगंज थाना क्षेत्र के सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो बसों से हुई दुर्घटना में कई यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। घायलों के निशुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं।राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल को मौके पर पहुंचने के लिए कहा है। मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।ईश्वर से दिवंगतों के लिए शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।