भोपाल - मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री पहलाद पटेल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री विश्वास सारंग , मंत्री धर्मेंद्र लोधी , मंत्री राकेश सिंह, मंत्री तुलसी सिलावट , मंत्री प्रद्दुमन सिंह तोमर , मंत्री गोविंद सिंह राजपूत , मंत्री इंदर सिंह परमार के अलावा पार्टी के कई विधायक और सीनियर पदाअधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मैं केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का आभार करता हूँ
नामांकन दाखिल करने के बाद मध्य प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, मैं बार-बार केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश के नेतृत्व, राष्ट्रीय अध्यक्ष सबका आभार करता हूँ। यह नेतृत्व एक प्रक्रिया के तहत निर्णय लेता है। उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस के अंदर खलबली है।
भाजपा में कार्यकर्ता को आशीर्वाद दिया जाता है
वहीं मध्य प्रदेश से भाजपा के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ ने कहा कि, भाजपा एक कार्यपद्धति से कार्य करने वाला दल है, जहाँ कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाता है। बाकी दलों में परिवारवाद है, तानाशाही है। भाजपा में कार्यकर्ता को आशीर्वाद दिया जाता है। भाजपा में नेता एक अभिभावक के रूप में कार्य करता है। हमने आज नामांकन दाखिल किया है। मैं राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सभी का आभार व्यक्त करता हूँ।
हमें विश्वास है कि वे उच्च सदन में अपनी योग्य भूमिका निभाएंगे
इसके बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मीडिया से बात की और कहा कि, आज भाजपा के राज्यसभा के प्रत्याशी के रूप में तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल का नामांकन दाखिल करने के लिएहम सब यहाँ उपस्थित हुए। हमारा राज्य मध्य प्रदेश संगठन की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में आता है। सीएम ने आगे कहा कि, हम सबने मिलकर तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल का नामांकन दाखिल किया है। हमें विश्वास है कि वे उच्च सदन में अपनी योग्य भूमिका निभाएंगे।