देश के लगभग सभी राज्यों में ठंड का कहर लगातार जारी है। वहीं हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड जारी है। दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। दोनों राज्यों में कई स्थानों पर सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई।
चंडीगढ़ में दिन में कड़ाके की ठंड रही
स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय के अनुसार, चंडीगढ़ में दिन में कड़ाके की ठंड रही और शहर में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन है, जो सामान्य से आठ डिग्री कम है। अंबाला में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंजाब में पठानकोट शीतलहर की चपेट में रहा, जहां अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी है
कश्मीर के गुलमर्ग और पहलगाम में शीतलहर से कड़ाके की ठंड जारी है और तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी में कुपवाड़ा एकमात्र ऐसा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर रहा।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी
वहीं राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में गिरावट के साथ पूर्वी हिस्सों और पश्चिमी हिस्सों के कुछ स्थानों पर शीत दिन से अति शीत दिन दर्ज किया गया। धने कोहरे और शीतलहर के चलते गलन का एहसास हुआ। जयपुर मौसम केन्द्र ने कई स्थानों पर कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के माउंट आबू ने फिर बर्फ की चादर ओढ़ ली है।