MP News: एक्टर ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम अंतरिम आदेश जारी किया है। शीर्ष अदालत ने भोपाल की ट्रायल कोर्ट में चल रही सुनवाई और कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अदालत में हुई।
पिता नवनिधि शर्मा ने दाखिल की ट्रांसफर याचिका
दिवंगत ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर पिटिशन दाखिल कर मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की है। याचिका में भोपाल सेशन कोर्ट में विचाराधीन मामले को दिल्ली की सक्षम अदालत में ट्रांसफर करने का अनुरोध किया गया है। याचिकाकर्ता की ओर से निष्पक्ष और स्वतंत्र सुनवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह मांग रखी गई है।
प्रतिवादियों को जवाब दाखिल करने का समय
नवनिधि शर्मा की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल पर अंतरिम रोक लगाते हुए प्रतिवादियों को अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया है। अदालत ने मामले में आगे की सुनवाई के लिए दो सप्ताह बाद की तारीख निर्धारित की है।
दिल्ली ट्रांसफर पर अभी अंतिम फैसला नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल भोपाल की ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाई है। मामले को दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग पर अभी अंतिम फैसला नहीं सुनाया गया है। अगली सुनवाई में प्रतिवादियों के जवाब और संबंधित दलीलों पर विचार किया जा सकता है।