Patna: लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद आज नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर से बिहार आ रहे हैं। वह आज राजगीर स्थित नालंदा यूनिवर्सिटी के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। यहां वह छात्रों को भी संबोधित करेंगे।
नालंदा यूनिवर्सिटी पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने दिया संदेश
नालंदा यूनिवर्सिटी पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट कर संदेश दिया है। उन्होंने लिखा कि यह हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत खास दिन है। आज सुबह करीब 10:30 बजे राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन किया जाएगा। नालंदा का हमारे गौरवशाली अतीत से गहरा नाता है। यह विश्वविद्यालय निश्चित रूप से युवाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में काफी मदद करेगा।
सुरक्षा की व्यवस्था टाइट
पीएम के आगमन के पहले सुरक्षा के दृष्टि से एसपीजी पहुंच गई है। प्रधानमंत्री का हवाई जहाज गया में लैंड करेगा। जहां से वह राजगीर पहुचेंगे। सबसे पहले 9 बजकर 45 मिनट पर प्राचीन नालंदा विश्व विद्यालय के भग्नावेशष देखने नालंदा आयेंगे। इसके बाद नालंदा यूनिवर्सिटी जाएंगे। नालंदा यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर अभय कुमार सिंह ने बताया कि यह हमारी यूनिवर्सिटी के लिए बहुत ही यादगार क्षण होगा। यह हमारे लिए उत्सव जैसा है। पीएम के आगमन को ले राजगीर में सुरक्षा के लिहाज से हेलीकाप्टर से रिहर्सल किया गया। एसपीजी के अधिकारी चप्पे-चप्पे की जांच कर रहे हैं।
ट्रैफिक रूट में किया गया बदलाव
पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर नालंदा में कई जगह रूट में बदलाव किया गया है। कारगिल चौक से नालंदा, सिलाव होते हुए राजगीर जाने वाली हाईवे पर सभी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। राजगीर जाने वाली वाहन पावापुरी, गिरियक होते हुए राजगीर जायेंगे। नवादा से आनेवाली सभी गाड़ियां गिरीयक पावापुरी होते हुए बिहारशरीफ आएगी। गया से बिहारशरीफ की ओर आने वाली गाड़ियां सरवहदा से खुदागंज, इस्लामपुर, एकंगरसराय होते हुए बिहारशरीफ आएगी। छबिलापुर से आनेवाली सभी गाड़ियां परवलपुर होते हुए बिहारशरीफ आएगी। छबिलापुर से राजगीर आनेवाली सभी गाड़ियां कटारीमोड़, सीआरपीएफ कैम्प, विरायतन होते हुए राजगीर जाएगी। नवादा से राजगीर आनेवाली सभी गाड़ियों झूला मोड़, अम्बेदकर चौक, पीटीजेएम कालेज होते हुए राजगीर बाजार आएगी। दीपनगर बाजार से राजगीर आनेवाली सभी गाड़ियां वास्तु विहार, नानंद, गिरीयक रोड होते हुए राजगीर आएगी।
Comments (0)