महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों पर बुधवार को मतदान संपन्न हो गया। वोटों की गिनती शनिवार को होगी, मगर उससे पहले ही महाविकास अघाड़ी के नेताओं के बीच सीएम पद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने सीएम पद को लेकर कहा कि, नई सरकार में सीएम कांग्रेस का होगा, वहीं गठबंधन के सहयोगी शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने कांग्रेस नेता पटोले के बयान पर कहा कि, वे इस बात को स्वीकार नहीं करेंगे।
महाराष्ट्र में कांग्रेस से होगा सीएम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि, महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में ही अघाड़ी की सरकार बनेगी, तथा राज्य में कांग्रेस के सबसे अधिक MLA चुने जाएंगे। उनके इस बयान को उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने खारिज करते हुए कहा कि, हम इसे नहीं मानेंगे... कोई भी नहीं मानेगा। हम सब मिलकर तय करेंगे कि, क्या करना है। अघाड़ी सरकार बाद में बैठकर तय करेगी। राउत ने आगे बोलते हुए कहा कि, यदि नाना पटोले को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, या खरगे ने कहा है कि, वे मुख्यमंत्री बनेंगे, तो उन्हें यह घोषणा करना चाहिए।
नाना-संजय के बाच हुई बयानबाजी
आपको बता दें कि, यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस नेता नाना पटोले एवं संजय राउत के बीच इस प्रकार की बयानबाजी हुई है। हरियाणा में कांग्रेस की हार पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी, इसके बाद, महाविकास अघाड़ी की बैठक से पहले नाना पटोले ने राउत पर पलटवार किया था। नाना ने कहा था कि, संजय राउत ने किस आधार पर यह लिखा तथा कहा कि, मुझे नहीं पता, लेकिन सार्वजनिक रूप से गठबंधन पर इस प्रकार आरोप नहीं लगाए जा सकते। हमें राउत के बयान पर आपत्ति है।
महाराष्ट्र चुनाव में कुल 4,136 प्रत्याशी मैदान में थे
महाराष्ट्र में महायुति (भा.ज.पा., शिंदे गुट, अजित गुट) एवं महाविकास अघाड़ी (उद्धव गुट, शरद गुट, कांग्रेस) के बीच कड़ी टक्कर है। महायुति गठबंधन में भाजपा 149 सीटों पर, शिवसेना 81 सीटों पर और अजित पवार की एनसीपी 59 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, MVA में कांग्रेस ने 101, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 एवं शरद पवार की NCP ने 86 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। महाराष्ट्र में इस चुनाव में कुल 4,136 प्रत्याशी मैदान में थे।
Comments (0)