लखनऊ: उत्तरप्रदेश सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 17 IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। नए आदेश में मंडलायुक्त, ग्रामीण विकास, जल निगम, आयुष मिशन, नियोजन, सहकारिता और राजस्व परिषद समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
इस फेरबदल में अलीगढ़ और मुरादाबाद के मंडलायुक्त भी बदले गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश जल निगम, ग्राम्य विकास और नियोजन विभाग में भी वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
अलीगढ़-मुरादाबाद के मंडलायुक्त बदले
तबादला सूची के मुताबिक संगीता सिंह को अलीगढ़ मंडलायुक्त के पद से हटाकर मंडलायुक्त, मुरादाबाद बनाया गया है। वहीं राजस्व परिषद, प्रयागराज में तैनात ओम प्रकाश आर्य को नया मंडलायुक्त, अलीगढ़ नियुक्त किया गया है।दोनों अधिकारियों की नई तैनाती के साथ प्रदेश के इन दो महत्वपूर्ण मंडलों के प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव हुआ है।
ग्राम्य विकास और आयुष विभाग में नई जिम्मेदारियां
सरकार ने गौरी शंकर प्रियदर्शी को महानिदेशक आयुष एवं मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है।
वहीं चैत्रा वी. को आयुष विभाग से हटाकर सदस्य (प्रशासनिक), राजस्व परिषद, लखनऊ बनाया गया है। इसके अलावा प्रमोद कुमार उपाध्याय को आयुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।
जल निगम में भी बड़ा प्रशासनिक बदलाव
उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) में भी वरिष्ठ स्तर पर बदलाव किया गया है। रवींद्र कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) और राज्य मिशन निदेशक, अमृत के पद से कार्यमुक्त किया गया है।
वहीं मासूम अली सरवर को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के प्रबंध निदेशक और राज्य मिशन निदेशक, अमृत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
डॉ. राज शेखर को नियोजन विभाग की जिम्मेदारी
डॉ. राज शेखर को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के पद से हटाकर सचिव, नियोजन विभाग तथा महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।
उनकी जगह योगेश कुमार को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) नियुक्त किया गया है।
सहकारिता विभाग में भी बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत कुमार प्रशांत को आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता बनाया गया है।वहीं अमृत पाल कौर को संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूचना आयोग से लेकर पशुधन विभाग तक नई तैनाती
सरकार के आदेश के अनुसार गुरर्ला श्रीनिवासुलु को सचिव, उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग बनाया गया है।
देवेंद्र कुमार पाण्डेय को विशेष सचिव, उपभोक्ता मामले विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विवेक श्रीवास्तव को विशेष सचिव, पशुधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अमृत त्रिपाठी को सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज बनाया गया है। वहीं ओम प्रकाश राय को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।