प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मनोहर जोशी साल 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष भी रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में मनोहर जोशी ने राज्य की प्रगति के लिए अथक प्रयास किये थे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मनोहर जोशी ने लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, हमारी संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक जीवंत और सहभागी बनाने का प्रयास किया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट में लिखा
“श्री मनोहर जोशी जी के निधन से मुझे दुःख हुआ है। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने सार्वजनिक सेवा में वर्षों का समय बिताया और नगरपालिका, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए अथक प्रयास किये। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया। श्री मनोहर जोशी जी ने लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान हमारी संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक जीवंत एवं सहभागी बनाने का प्रयास किया। मनोहर जोशी जी को एक विधायक के रूप में उनकी कर्मठता के लिए भी स्मरण किया जाएगा, उन्हें चारों विधानमंडलों में सेवा करने का गौरव प्राप्त हुआ। उनके परिवार तथा समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति।"
86 साल की उम्र में निधन
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। 2 दिन पहले ही दिल का दौरा पड़ने से उनकी तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वो ICU में थे और डॉक्टर्स 2 दिन से लगातार इलाज कर रहे थे। वहीं आज शुक्रवार को अलसुबह करीब 3 बजकर 2 मिनट पर हिंदुजा अस्पताल में उनका देहांत हो गया। राजकीय सम्मान के साथ दादर के शमशान घाट में उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
50 साल राजनीति में एक्टिव रहे
मनोहर जोशी करीब 50 साल राजनीति में एक्टिव रहे। वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके थे। वहीं मनोहर जोशी मुख्यमंत्री बनने वाले शिवसेना के पहले नेता थे। मुंबई नगर निगम में पार्षद बनकर उन्होंने अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने पलटकर नहीं देखा। महापौर, विधान परिषद सदस्य, विधायक बने। लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद भी रहे। केंद्रीय मंत्री बनने का मौका भी मनोहर जोशी को मिला। इस तरह उन्होंने अपने राजनीतिक करियर को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। वे NDA सरकार के कार्यकाल में लोकसभा के अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए थे।
Comments (0)