हरियाणा में कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि, वह पार्टी छोड़कर आज यानी की बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रही हैं। किरण ने बताया कि, उनकी बेटी श्रुति चौधरी भी उनके साथ भाजपा में शामिल होंगी।
किरण चौधरी ने क्या कहा?
कांग्रेस की विधायक किरण चौधरी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। किरण ने अपनी इस पोस्ट में लिखा कि, मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। हरियाणा के जनक चौ. बंसीलाल जी के संस्कारों व विचारधारा को हरियाणा में प्रसारित करना और क्षेत्र एवं प्रदेश का ईमानदारी से विकास करना मेरी हमेशा प्राथमिकता रहेगी! दरअसल हरियाणा में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी कांग्रेस की हरियाणा इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
हुड्डा ने मुझे हाशिये पर धकेल दिया है
हुड्डा पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने कहा कि, उन्होंने मुझे हाशिये पर धकेल दिया है। अपमान की एक सीमा होती है। इसके साथ ही किरण चौधरी ने आगे कहा कि, वह और श्रुति दोनों कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि श्रुति कांग्रेस की प्रदेश इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगी। हाल में हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस और बीजेपी ने पांच-पांच सीटें जीती थीं।
Comments (0)