हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। जहां बीजेपी-कांग्रेस के अलावा अनेक पार्टी के दिग्गज नेता जनता के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस ने बुधवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। आपको बता दें कि, कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो के रूप में 7 गारंटियां जारी की हैं।
कांग्रेस के घोषणापत्र पर दुष्यंत चौटाला का तंज
वहीं कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर जेजेपी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अपनी प्रतिक्रिया दी है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, यह तो वही घोषणापत्र है जो कर्नाटक, राजस्थान और अनेक राज्यों में कांग्रेस की तरफ से घोषित किया गया था। चौटाला ने आगे कहा है कि, हैरानी की बात है कि, कांग्रेस जातीय जनगणना की बात करती है, लेकिन कर्नाटक में आज उन्हीं का शासन होते हुए वे वहां जातिगत जनगणना नहीं करवा पाए।
सिरसा इसका एक उदाहरण है - चौटाला
बीजेपी उम्मीदवार रोहताश जांगड़ा की तरफ से नामांकन पत्र वापस लेने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, सिरसा में एक बहुत अद्भुत बात हुई है। अपने आप को देश की सबसे बड़ी पार्टी कहने वाली भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार का नामांकन पत्र वापस करवा लिया। आज पर्दे के पीछे छिपकर बीजेपी, INLD, हलोपा और बहुजन समाज पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही है और सिरसा इसका एक उदाहरण है।
चौटाला ने कांग्रेस पर साधा था निशाना
इससे पहले बुधवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री और जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर तंज कसते हुए पोस्ट किया था। जिसमें दुष्यंत चौटाला ने लिखा कि, पहले जमीनें बेची सौदेगारों को, अब खुश करेंगे रिश्तेदारों को, फिर पेट भरेंगे ये सब अपना, नौकरियां देंगे सिर्फ यारों को।
Comments (0)