उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी इलाकों में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 4-5 दिनों तक घना कोहरा रहने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में अगले 6-7 दिनों में शीतलहर पड़ने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में नए साल की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 3 जनवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। हवा लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
यूपी में शीतलहर की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में 3 जनवरी को कई क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 जनवरी तक यूपी में शीतलहर देखने को मिल सकती है। प्रदेश में शनिवार को ठंड बढ़ने की संभावना है। यूपी से सटे बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात व सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। 4 और 5 जनवरी को बिहार में कोल्ड डे को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है।
हिमाचल में माइनस में पहुंचा तापमान
हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हुई, जिसके चलते कई स्थानों पर तापमान माइनस में पहुंच गया। ताबो में न्यूनतम तापमान -6.8°C दर्ज किया गया। कुल्लू-मनाली में मौसम साफ होने के बाद ऊपरी इलाकों में सड़कों पर ब्लैक आइस जमना शुरू हो गया है। प्रशासन ने रोहतांग दर्रा वाहनों के लिए बंद कर दिया है और फिसलन के कारण रोहतांग की ओर जाने वाले वाहनों को गुलाबा में रोक दिया गया। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश इलाकों में 8 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। हालांकि 6 जनवरी को राज्य के ऊंचे पहाड़ों पर एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
Comments (0)