राजधानी और प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यह समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी ऊँचाई पर ऊपरी हवा में चक्रवात के रूप में बना हुआ है, जिसके साथ मध्य और ऊपरी वायुमंडल में द्रोणिका भी जुड़ी हुई है।इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी भी जारी की गई है।
राजधानी में बढ़ा तापमान
शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 28.7°C और न्यूनतम तापमान 14.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.3 और 0.7 डिग्री अधिक रहा। दिन में धूप खिली रही, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड का असर महसूस किया गया। दिनभर बादल करीब 20 प्रतिशत रहे और हवा की गति लगभग शांत रही। शहर में बारिश नहीं हुई। शनिवार को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28°C और 14°C के आसपास रहने का अनुमान है।
जगदलपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
प्रदेश के अन्य हिस्सों में शुक्रवार को जगदलपुर में सर्वाधिक तापमान 29.8°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4°C अंबिकापुर में रहा। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 9.2°C रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। बिलासपुर, पेंड्रारोड और राजनांदगांव में भी रात के तापमान में हल्की गिरावट देखी गई।
आगे का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश में ठंड का असर बढ़ सकता है। आगामी तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है, जिससे रात और सुबह की ठंड और बढ़ सकती है।
Comments (0)