आसमानसोल: आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के दक्षिणी छोर से बहने वाली दामोदर नदी में लगातार हो रहे हादसों और डूबने से होने वाली मौतों को लेकर राज्य सरकार ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। हाल ही में इस क्षेत्र से चुनाव जीतकर राज्य की महत्वपूर्ण पुर (नगर विकास) मंत्री बनीं अग्निमित्रा पॉल ने पुलिस और प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ लहजे में कहा है कि अगर अब किसी भी इलाके में नदी में डूबने से मौत की घटना हुई, तो संबंधित क्षेत्र के पुलिसकर्मी या अधिकारी को तुरंत सस्पेंड कर दिया जाएगा।
खतरनाक घाटों पर बनेगी रेलिंग, पुलिस रखेगी नजर
बर्नपुर से लेकर तीराट और नारायणकुड़ी के विस्तृत इलाके में दामोदर नदी इन दिनों 'मौत का कुआं' साबित हो रही है। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि नदी के उन सभी हिस्सों को चिह्नित किया जाए जो स्नान के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं। इसके साथ ही जो इलाके बेहद खतरनाक हैं, वहां सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाई जाए और पुलिस द्वारा लगातार निगरानी (पेट्रोलिंग) की जाए।
'TMC के बालू माफियाओं की वजह से नदी बनी काल'
एक पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद भावुक और आक्रोशित नजर आईं मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पूर्ववर्ती सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मैंने एक ऐसे परिवार से मुलाकात की है जिसने अपने बेटे और बेटी दोनों को एक साथ नदी में खो दिया। ऐसी घटनाएं यहां आम हो चुकी हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासनकाल में दामोदर नदी से अंधाधुंध बालू की लूट की गई। इस अवैध खनन के कारण नदी कहीं 10 फीट गहरी है तो कहीं सीधे 50 फीट का गड्ढा है। टीएमसी के इस बालू घोटाले की कीमत आज आम जनता को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। अब राज्य में बालू की कोई लूट नहीं होगी।"
वज्रपात से किशोर की मौत पर जताया दुख, क्लबों और पुलिस को निर्देश
नदी हादसों के अलावा बर्नपुर में शनिवार रात आई कालबैसाखी (आंधी-तूफान) के दौरान फुटबॉल खेल रहे 16 वर्षीय किशोर शेख फिरोज की आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। रात में ही आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचकर मंत्री ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय क्लबों और पुलिस को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि खराब मौसम, आंधी-तूफान या बिजली कड़कने के दौरान बच्चे या युवा मैदानों में न खेलें। मंत्री ने कहा, "हम आर्थिक मुआवजा दे सकते हैं, लेकिन किसी की जिंदगी वापस नहीं लौटा सकते।"
जीत और मंत्री पद के बाद कार्यकर्ताओं संग थिरकीं अग्निमित्रा
दूसरी ओर, आसनसोल और रानीगंज के औद्योगिक क्षेत्रों में अग्निमित्रा पॉल को मंत्री बनाए जाने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। रानीगंज के बांसड़ा इलाके में जब वह कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचीं, तो समर्थकों के भारी उत्साह को देखकर खुद को रोक नहीं पाईं और हाथ में 'कमल' लेकर कार्यकर्ताओं के साथ जमकर डांस किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मंत्री बनकर राज्य के लिए काम भी करूंगी और अपने आम लोगों की खुशी में शामिल होकर उनके साथ नाचूंगी भी।"