हरियाणा के अंबाला जिले के धूलकोट गांव में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और निर्माण कार्य में जुटे कई मजदूर मलबे में दब गए।अंबाला सिटी के SDM ने हादसे में 3 लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, करीब 10 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी।
6-7 मजदूरों का रेस्क्यू
इमारत गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मलबा हटाकर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।DSP के मुताबिक, अब तक 6-7 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है और बचाव दल मौके पर लगातार काम कर रहा है।
अचानक भरभराकर गिरा बिल्डिंग का हिस्सा
बताया जा रहा है कि धूलकोट गांव में तीन मंजिला इमारत का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग का एक हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। उस समय कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।प्रत्यक्षदर्शियों और मजदूरों के परिजनों के मुताबिक, कुछ मजदूर हादसे के दौरान बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि कई मलबे में दब गए। इमारत गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहत-बचाव अभियान जारी
हादसे के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। कुछ घायलों को अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।