केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है और हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।
शाह ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक करोड़ों गरीब लोग अपने अधिकारों और विकास से वंचित रहे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 3 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि बेघर परिवारों के लिए एक करोड़ नए घरों का निर्माण किया गया है।
गरीब कल्याण की योजनाओं का किया जिक्र
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने हर घर तक शौचालय, स्वच्छ पेयजल और एलपीजी गैस कनेक्शन जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई हैं। इसके साथ ही गरीब परिवारों को हर महीने 5 किलोग्राम मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने के लिए पारदर्शी और वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित की गई है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। अमित शाह ने दावा किया कि मोदी सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए शुरू की गई सभी प्रमुख योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है।
गांधीनगर में दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता
इससे पहले शनिवार को अमित शाह ने गांधीनगर में उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी की मौजूदगी में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान शाह ने किसानों को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने के लिए व्यापक सर्वे कराने का सुझाव दिया, ताकि प्रत्येक पशुपालक परिवार के पास कम से कम दो पशु सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने मानसून में संभावित देरी को देखते हुए आकस्मिक कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।