हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में बीजेपी सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग को लेकर राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग इस मामले में विस्तृत प्रेस नोट जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है।पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कुछ विपक्षी नेता बिना पर्याप्त तथ्यों के संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के हवाले पर भी सवाल
बीजेपी सांसद ने उस मीडिया रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठाए, जिसका हवाला राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से जुड़े विवाद में दिया था। ठाकुर के मुताबिक, रिपोर्ट में संबंधित पक्षों से बात नहीं की गई और दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं की गई।उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि के किसी रिपोर्ट के आधार पर आंदोलन या संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
SIR को लेकर जारी है राजनीतिक विवाद
दरअसल, चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर पिछले कुछ दिनों से बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज है। एक मीडिया रिपोर्ट में चुनाव आयोग के भीतर SIR समेत कुछ फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से आपत्तियां दर्ज किए जाने का दावा किया गया था।राहुल गांधी ने 24 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे।