भाजपा के लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी देश-विरोधी और विदेशी ताकतों के इशारों पर काम कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर की यह प्रतिक्रिया हाल ही में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए हंगामे के संदर्भ में आई है।
क्या है पूरा मामला?
कुछ दिन पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का आयोजन किया गया था, जिसमें देश-विदेश की कई प्रमुख हस्तियों और नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
क्या बोले अनुराग ठाकुर?
प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि वे देश-विरोधी ताकतों की भाषा बोल रहे हैं और नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं। उनके अनुसार, राहुल गांधी का काम केवल झूठ फैलाना, डर का माहौल बनाना और भारत की छवि को खराब करना रह गया है।उन्होंने यह भी कहा कि जब भारत की अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है, तब राहुल गांधी इसे कमजोर बताने की कोशिश करते हैं।
देश से माफी मांगें
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी का एजेंडा अब भाजपा, प्रधानमंत्री और देश का विरोध करना बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं और देश की उपलब्धियों को लगातार निशाना बना रहे हैं। अंत में अनुराग ठाकुर ने मांग की कि राहुल गांधी अपने व्यवहार के लिए देश से माफी मांगें।
Comments (0)