अररिया: बिहार के अररिया जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी लोग अररिया के सिकटी क्षेत्र के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हुई स्कॉर्पियो
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे अररिया के सिकटी स्थित भपटिया गांव में तिलक समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो सीधे पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
एक ही घर के बच्चे थे कार में सवार
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों की उम्र 15 से 28 वर्ष के बीच थी। कार में एक ही घर के बच्चे भी सवार थे।हादसे में ड्राइवर समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने किसी तरह बचा लिया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
अंधेरे में चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण
हादसा देर रात हुआ। आसपास का इलाका शांत था, तभी अचानक नदी की तरफ से चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। नदी में गिरी स्कॉर्पियो को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद वाहन को बाहर निकाला गया और उसमें फंसे लोगों को अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सदर अस्पताल में 6 लोगों की मौत की पुष्टि
सभी घायलों और मृतकों को अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों और मुख्यालय डीएसपी ने भी 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
हादसे की खबर जैसे ही सुपौल जिले के थुमहा गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ 6 लोगों की मौत से गांव के लोग सदमे में हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।