रामनगरी अयोध्या में एक और दर्शनीय स्थल बनाने की तैयारी है। पर्यटन के लिए बड़ा केंद्र बन चुकी अयोध्या में 650 करोड़ रुपए की लागत से मंदिर संग्रहालय बनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह संग्रहालय सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत टाटा (TATA) संस बनवाएगा जो टाटा औद्योगिक समूह की प्रमुख निवेश होल्डिंग कंपनी है।
TATA Group बनाएगा वर्ल्ड क्लास म्यूजियम
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस संग्रहालय के लिए राज्य का पर्यटन विभाग टाटा संस को एक रुपए की टोकन मनी पर 90 साल की लीज पर जमीन देगी। बता दें कि, संग्रहालय में राम मंदिर के इतिहास से जुड़ी पौराणिक व अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं रखी जाएंगी। इसके अलावा भी कैबिनेट ने अयोध्या में विकास कार्य के लिए 100 करोड़ रुपए की मंजूरी दी।
हेलि सेवाओं की तैयारी
कैबिनेट की बैठक में राज्य में लखनऊ, प्रयागराज और कपिलवस्तु में PPP मॉडल पर हेलिपोर्ट बनाने की भी मंजूरी दी गई। हेलिपोर्ट बनने पर इन स्थानों पर पीपीपी मॉडल पर हेलि सेवाएं शुरू की जाएंगी। वहीं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया है कि, पर्यटकों और श्रद्धालुओं की आवाजाही राम मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन आदि जगहों तक सीमित है। उन्होंने आगे बताया है कि, युवाओं, विदेशियों को सनातन संस्कृति और सभ्यता के प्रतीकों, विशेषताओं से अवगत कराने के लिए यहां कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां एक छत के नीचे वह सभी पहलुओं से रूबरू हो सके। मंदिर संग्रहालय इस कमी को पूरा करेगा।
Comments (0)