राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान एवं विचारों को याद किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “मैं स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देती हूं, जिसे राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। वे दूरदर्शी और आध्यात्मिक आइकॉन थे। उन्होंने सिखाया कि अंदरूनी शक्ति और मानवता की सेवा ही सार्थक जीवन की नींव है। उन्होंने भारत की स्थायी समझदारी को दुनिया तक पहुँचाया।” उन्होंने आगे कहा, “स्वामीजी ने भारतीयों में देश का गर्व जगाया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उनकी शिक्षाएं हमेशा प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।”
प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, “भारतीय युवाशक्ति के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को उनकी जयंती पर मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका व्यक्तित्व और कार्य विकसित भारत के संकल्प में निरंतर ऊर्जा का संचार करता है। राष्ट्रीय युवा दिवस का यह अवसर सभी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए नई शक्ति और आत्मविश्वास लेकर आए।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, “स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि और सभी देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन और अध्यात्म से युवाओं को जोड़ने के साथ रामकृष्ण मिशन के माध्यम से समाज सेवा के आदर्श स्थापित किए।” उन्होंने आगे कहा, “लक्ष्य प्राप्ति से पहले नहीं रुकने के उनके संदेश ने युवाओं में कर्त्तव्यबोध और राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत किया और विकसित भारत के निर्माण को गति दी।”
Comments (0)