कांग्रेस सांसद राहुल गांधी यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट अपने पास रखेंगे। राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया है। वायनाड से राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने जा रही हैं। इस फैसले पर राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। वहीं प्रियंका गांधी के वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, मैं बहुत खुश हूं कि, प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ेंगी।
प्रियंका गांधी की मेहनत रंग लाई है
यूपी की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता के.एल. शर्मा और रायबरेली सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की जीत पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, अमेठी और रायबरेली की जनता हमेशा चाहती है कि, गांधी परिवार उनके साथ रहे। अमेठी की जनता को एहसास हुआ कि, उन्होंने स्मृति ईरानी को वहां से जिताया। इसके साथ ही वाड्रा ने आगे कहा कि, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सही निर्णय लिया कि, किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से चुनाव लड़ना चाहिए। 1999 से मैंने जब प्रचार शुरू किया तो मैं अमेठी-रायबरेली गया था और मुझे वहां के लोगों से प्यार मिला। प्रियंका गांधी की मेहनत रंग लाई है।
मैं बहुत खुश हूं ...
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा वायनाड उपचुनाव लड़ने पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, मैं देश की जनता को धन्यवाद देता हूं कि, उन्होंने कांग्रेस को अच्छा आंकड़ा दिलाया और भारतीय जनता पार्टी को 400 पार जुमले की हकीकत याद दिला दी। उन्होंने आगे अपने बयान में कहा कि, मैं बहुत खुश हूं कि, प्रियंका वायनाड से चुनाव लड़ेंगी। वे वहां भी मेहनत करेंगी।
मैं सक्रिय राजनीति में आ सकता हूं
प्रियंका गांधी की तारीफ करते हुए रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, मैं उम्मीद करता हूं कि, वहां ( वायनाड) की जनता उन्हें ( प्रियंका ) भारी बहुमत से जिताएं। जब भी मुझसे राजनीति में आने पर सवाल किया गया तब मैंने हमेशा कहा है कि, प्रियंका गांधी के संसद में शामिल होने के बाद मैं सक्रिय राजनीति में आ सकता हूं। वाड्रा ने आगे कहा कि, उनका(प्रियंका गांधी) संसद और सक्रिय राजनीति में होना जरूरी है।
Comments (0)