एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अनुच्छेद 370 पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की कथित टिप्पणियों की निंदा की। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य ने कहा कि, पड़ोसी मुल्क के नेता को भारत के अंदरूनी हालात पर प्रतिक्रिया देने का कोई हक नहीं है। आपको बता दें पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने एक पाकिस्तानी समाचार चैनल से बातचीत में कहा था कि, उनका देश कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस के विचारों से सहमत है कि, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को बहाल किया जाना चाहिए।
पाकिस्तान रक्षा मंत्री के बयान पर क्या बोले दिग्विजय सिंह ?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की कथित बयान के बारे में पूछे जाने पर एमपी के पूर्व सीएम और कांग्रेस के राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इंदौर में संवाददाताओं से चर्चा में कहा है कि, हमारे देश के हालात पर इस प्रकार की प्रतिक्रिया व्यक्त करने का उन्हें (आसिफ को) कोई अधिकार नहीं है। यह प्रतिक्रिया बिल्कुल सही नहीं है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि, हम इसकी निंदा करते हैं।
एक देश, एक चुनाव पर क्या बोले दिग्विजय सिंह ?
एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ‘एक देश, एक चुनाव’ के प्रस्ताव को अव्यावहारिक शिगूफा करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि, यह शिगूफा नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की नाकामियों और सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर उभरते कलह छिपाने के लिए छोड़ा गया है। कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता सिंह ने आगे कहा है कि, वे (केंद्र सरकार) हर स्तर पर असफल हुए हैं। देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक समरसता बिगड़ती जा रही है जिससे मोदी के नेतृत्व पर प्रश्न चिन्ह लगने लगे हैं। भाजपा की अंतर्कलह भी धीरे-धीरे उभर कर सामने आ रही है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि, एक साथ चुनाव की व्यवस्था लागू किए जाने पर किसी सरकार को बहुमत नहीं होने की स्थिति में भी पांच साल की तय अवधि तक हटाया नहीं जा सकेगा जो देश के संघीय ढांचे और संसदीय राजनीति के सरासर खिलाफ होगा।
Comments (0)