New Delhi: क्रिसमस डे के मौके पर और नए साल की अगवानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में आखिरी बार 'मन की बात' (Man Ki Baat 2022) की। रविवार सुबह 11 बजे उनके मन्थली रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। 'मन की बात' का यह 96वां एपिसोड था और 2022 का आखिरी। पीएम ने इस कार्यक्रम में 2022 की उपलब्धियों का जिक्र किया और 2023 की चुनौतियों पर चर्चा की। PM ने कहा कि यह साल हर क्षेत्र में भारत के विकास की गाथा लिखने का साल है। मोदी ने कहा वर्ष 2022 में भारत का बोलबाला दुनिया में दिखा। पीएम ने कोरोना को लेकर सचेत करते हुए कहा-
"आप भी देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है। इसलिए हमें, मास्क और हाथ धुलने जैसी सावधानियों का और ज्यादा ध्यान रखना है। हम सावधान रहेंगे, तो सुरक्षित भी रहेंगे और हमारे उल्लास में कोई रुकावट भी नहीं पड़ेगी।"
PM बोले- कई मायनों में अद्भुत रहा साल 2022
पीएम मोदी ने मन की बात में कहा कि' साल 2022 कई मायनों में प्रेरक और अद्भुत रहा। इस साल भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए और इसी साल अमृत काल का प्रारंभ हुआ। आजादी के 75 वर्ष को मनाने के तिरंगा अभियान में भारत में एकजुटता दिखी और पूरा देश तिरंगामय हो गया। 6 करोड़ से ज्यादा लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी भी ली।
PM ने 'नमामि गंगे अभियान को लेकर कहा-
'मां गंगा की सफाई के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा। सरकार द्वारा गंगा की सफाई के लिए चलाए गए नमामि गंगे मिशन ने जैव विविधता में सुधार करने में भी मदद की है। UN ने भी इस मिशन को इकोसिस्टम की बेहतरी के लिए की गई दुनिया के टॉप 10 पहल में शामिल किया है।'
टीबी से देश को दिलाएंगे मुक्ति
मन की बात ने पीएम मोदी ने कहा कि हम आज संकल्प ले रहे हैं कि हम टीबी को भारत से खत्म कर देंगे। पीएम ने कहा कि हमारी सरकार 2025 तक टीबी मुक्त देश की संकल्पना पर तेजी से काम कर रही है
स्वच्छ भारत' मिशन पर कहा-
'मुझे खुशी है कि ‘स्वच्छ भारत मिशन’ आज हर भारतीय के मन में रच-बस चुका है। साल 2014 में इस जन आंदोलन के शुरू होने के साथ ही, इसे, नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए, लोगों ने, कई अनूठे प्रयास किये हैं और ये प्रयास सिर्फ समाज के भीतर ही नहीं बल्कि सरकार के भीतर भी हो रहे हैं। लगातार इन प्रयासों का परिणाम यह है - कूड़ा कचरा हटने के कारण, बिन जरुरी सामान हटने के कारण, दफ्तरों में काफी जगह खुल जाती है, नया स्पेस मिल जाता है।'
आयुर्वेद पर पीएम मोदी ने कहा-
'कुछ दिन पहले ही मैं वर्ल्ड आयुर्वेद कांग्रेस के लिए गोवा में था। इसमें 40 से ज्यादा देशों के डेलिगेट्स शामिल हुए और यहां 550 से अधिक साइंटिफिक पेपर्स present किए गए। भारत सहित दुनियाभर की करीब 215 कंपनियों ने यहां एग्जिबिशन में अपने प्रोडक्टस को डिस्प्ले किया। चार दिनों तक चले इस एक्सपो में एक लाख से भी अधिक लोगों ने आयुर्वेद से जुड़े अपने एक्सपीरियंस को एंजॉय किया। आयुर्वेद कांग्रेस में भी मैंने दुनिया भर से जुटे आयुर्वेद एक्सपर्ट्स के सामने एविडेंस बेस्ड रिसर्च का आग्रह दोहराया। जिस तरह कोरोना वैश्विक महामारी के इस समय में योग और आयुर्वेद की शक्ति को हम सभी देख रहे हैं, उसमें इनसे जुड़ी एविडेंस बेस्ड रिसर्च बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होगी।'
G20 की अध्यक्षता मिलना बड़ी बात
पीएम ने कहा कि इस साल भारत को G20 समूह की अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिलना भी बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि साल 2023 में G20 को नए उत्साह के साथ नई ऊंचाई पर लेकर जाना है। पीएम ने इसी के साथ क्रिसमस की बधाई देते हुए कहा कि दुनिया भर में धूमधाम से क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है। पीएम ने कहा कि यह त्यौहार ईसा मसीह के जीवन, उनकी शिक्षाओं को याद करने का दिन है।
अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा-
आज पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की 98वीं जयंती है, वाजपेयी शिक्षा, विदेश नीति और इंफ्रास्ट्रक्चर सहित हर क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले एक बड़े राजनेता थे जिन्हें कई लोग अपना आदर्श मानते हैं।
Comments (0)