दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। 18 मई से हर सोमवार छह अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनसे कुल 24 अतिरिक्त फेरे लगेंगे। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।
प्रधानमंत्री की अपील के बाद फैसला
नरेंद्र मोदी की ओर से नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने की अपील के बाद यह निर्णय लिया गया है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मेट्रो स्टेशनों पर बढ़ाई जाएगी व्यवस्था
डीएमआरसी ने बताया कि मौजूदा हालात में सड़क परिवहन से मेट्रो की ओर यात्रियों का रुझान बढ़ सकता है। इसे देखते हुए स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर व बैगेज स्कैनर सक्रिय रखे जाएंगे।
रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी
दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, एयरपोर्ट और नमो भारत कॉरिडोर सहित कई सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जुड़ा है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
160 स्टेशनों पर लास्ट माइल सुविधा
यात्रियों के लिए 160 मेट्रो स्टेशनों पर ई-रिक्शा, ई-ऑटो, बाइक टैक्सी और साइकिल जैसी लास्ट माइल सेवाएं उपलब्ध हैं। डीएमआरसी के अनुसार, इससे रोजाना करीब एक लाख लोग लाभ उठा रहे हैं। 126 स्टेशनों पर पार्क एंड राइड सुविधा भी दी जा रही है।
डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा
डीएमआरसी ने डिजिटल टिकटिंग को भी बढ़ावा दिया है। यात्री क्यूआर टिकट, एनसीएमसी कार्ड, व्हाट्सऐप टिकटिंग और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।