पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच दिल्ली-एनसीआर में ईंधन बचाने की मुहिम तेज कर दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद दिल्ली सरकार और दिल्ली मेट्रो ने सोमवार 18 मई से कई बड़े बदलाव लागू किए हैं।
प्राइवेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह
दिल्ली सरकार के श्रम विभाग ने सभी प्राइवेट कंपनियों, फैक्ट्रियों, दुकानों और खासतौर पर आईटी व आईटीईएस सेक्टर को एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने कंपनियों से कर्मचारियों को हफ्ते में कम से कम दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने को कहा है। इसके अलावा ट्रैफिक और ईंधन की खपत कम करने के लिए दफ्तरों के समय में बदलाव करने और कारपूलिंग को बढ़ावा देने की अपील की गई है। हालांकि अस्पताल, बिजली, पानी और सफाई जैसी जरूरी सेवाओं को इस एडवाइजरी से बाहर रखा गया है।
दिल्ली मेट्रो चलाएगी अतिरिक्त फेरे
लोगों को निजी वाहनों की जगह मेट्रो इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु दिल्ली मेट्रो ने पूरे नेटवर्क पर 6 अतिरिक्त ट्रेनें उतारी हैं। अब हर सोमवार को मेट्रो 24 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी सेवाएं बढ़ाई जाएंगी। डीएमआरसी के अनुसार इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा देना और ईंधन संरक्षण अभियान को समर्थन देना है।
डीटीसी बढ़ाएगी बस कनेक्टिविटी
डीटीसी दिल्ली के 52 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर करीब 1,500 ‘DEVi’ बसों के जरिए कनेक्टिविटी मजबूत करेगी। इसके अलावा डीएमआरसी और इंडियन ऑयल के सहयोग से सेंट्रल विस्टा इलाके में हाइड्रोजन आधारित बस सेवा भी शुरू की गई है।
बढ़ती कीमतों के कारण उठाए गए कदम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं, जबकि सीएनजी भी 3 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते सरकार ईंधन की खपत कम करने पर जोर दे रही है।