राजधानी दिल्ली और NCR में अब सुहाने मौसम का दौर खत्म होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार और बुधवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बलूचिस्तान और राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी दिशा से आने वाली गर्म हवाएं बलूचिस्तान और राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से तपिश लेकर दिल्ली-NCR पहुंच रही हैं। हवा में नमी बेहद कम होने के कारण लोगों को ज्यादा गर्मी महसूस होगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
रिज इलाके में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री ज्यादा था। रिज मौसम केंद्र सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं लोधी रोड पर 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
तेज हवाएं और लू चलने की संभावना
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को कई इलाकों में लू चलने की आशंका जताई है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप से बचने की अपील की गई है।
AQI खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) रविवार को 174 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में रहा। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार से AQI खराब श्रेणी में पहुंच सकता है।