राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-26 इलाके में ईमानदारी की एक मिसाल सामने आई है। यहां रहने वाली चांदनी कुमारी ने घर का पुराना सामान बेचते समय एक लोहे की अलमारी भी कबाड़ में दे दी। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसी अलमारी के लॉकर में करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने रखे हुए हैं।
डिब्बें में निकले 20 तोले चांदी के आभूषण
जानकारी के अनुसार, अलमारी को रोहिणी सेक्टर-16 के कबाड़ी अशरफ ने खरीदा था। अगले दिन जब वह अलमारी को खोलने लगे तो लॉकर के अंदर एक स्टील का डिब्बा देखकर चौंक गए। डिब्बा खोलते ही उनके सामने सोने के झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, नथ और लगभग 20 तोले चांदी के आभूषण रखे थे।
कबाड़ी ने ईमानदारी का परिचय दिया
इतनी बड़ी रकम के गहने मिलने के बावजूद अशरफ ने ईमानदारी का परिचय दिया। उन्होंने गहनों को अपने पास रखने के बजाय असली मालिक तक पहुंचाने का निर्णय लिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने चांदनी कुमारी से संपर्क किया और सभी गहने सुरक्षित लौटा दिए।
ईमानदारी और इंसानियत अभी भी जिंदा है
गहने वापस मिलने पर चांदनी कुमारी ने राहत की सांस ली और अशरफ का आभार व्यक्त किया। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है और लोग अशरफ की ईमानदारी की सराहना कर रहे हैं। आज के दौर में जहां अक्सर लालच की खबरें सामने आती हैं, वहीं यह घटना समाज को यह संदेश देती है कि ईमानदारी और इंसानियत अभी भी जिंदा है।
Comments (0)