राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। खुफिया इनपुट्स के आधार पर पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, आतंकियों की नजर ऐतिहासिक लाल किले के आसपास के इलाके और चांदनी चौक स्थित एक मंदिर पर हो सकती है। आशंका है कि IED के माध्यम से हमला करने की साजिश रची जा सकती है। फिलहाल सुरक्षा बलों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और जांच तेज कर दी गई है।
बदले की मंशा की आशंका
बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को Islamabad की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट के बाद आतंकी संगठन बदले की कार्रवाई की फिराक में हो सकता है। उस हमले में 30 से अधिक लोगों की मौत और कई अन्य घायल हुए थे। हालांकि, उस घटना की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली थी।
पहले भी हो चुकी है घटना
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास कार विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिसमें कई लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे। इस घटना के बाद से ही दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल हर इनपुट की गंभीरता से जांच कर रही हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।
Comments (0)